पल्लू (राजस्थान): ब्रह्माणी माता मंदिर में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल करते हुए 15,000 रुपये की इनामी मुख्य आरोपी काली उर्फ संतरो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काली बावरिया (गुलेल गैंग) की मुखिया बताई जा रही है।
घटना दिनांक 20 अक्टूबर 2025 की है, जब रात लगभग 1:30 से 2:00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ब्रह्माणी माता मंदिर पल्लू में ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरों ने काली माता की चांदी की मूर्ति का मुकुट, ब्रह्माणी माता की करीब 8 किलोग्राम चांदी की मूर्ति, चांदी का छत्र और अन्य आभूषण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना पल्लू में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने इस गिरोह के कई सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जिनमें जगतसिंह उर्फ दीपक, सविता, पूजा सहित एक विधि से संघर्षरत बालक और बालिका शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे गिरोह की मुख्य सरगना काली उर्फ संतरो है, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की रहने वाली बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में पल्लू थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसने तकनीकी और जमीनी स्तर पर लगातार प्रयास कर मामले का खुलासा किया।