हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सुशांत लोक फेज-2 इलाके में गुरुवार को पुलिस और हथियारबंद बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में चार कुख्यात शूटर मारे गए, जबकि एक आरोपी घायल हो गया। इस कार्रवाई के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ हथियारबंद बदमाश एक कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कारोबारी को पिछले कुछ समय से फिरौती की धमकियां मिल रही थीं और इसी सिलसिले में बदमाश वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने बदमाशों को सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पांचों बदमाश घायल हो गए।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार बदमाशों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक आरोपी का इलाज जारी है। मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। मामले की जांच जारी है और मारे गए बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में इनका संबंध संगठित अपराध और फिरौती के मामलों से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।