सूरत के कडोदरा स्थित प्रियंका ग्रीन सिटी में सामान्य बारिश के बाद ही हालात बदतर हो गए हैं। बारिश के पानी के साथ ड्रेनेज का गंदा पानी घरों में घुस जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति से नाराज लोगों ने गुरुवार को कडोदरा नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि वे नियमित रूप से कर और अन्य शुल्क का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।
रहवासियों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश में ही पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है और ड्रेनेज का गंदा पानी घरों में भर जाने से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। लोगों को घरों से बाहर निकलने और रोजमर्रा के कामकाज में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल पंप लगाकर इलाके से पानी की निकासी कराए और पूरे क्षेत्र में सैनिटाइजेशन एवं सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही जलनिकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।