अहमदाबाद | गुजरात
गुजरात में कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए ‘नशामुक्त गुजरात अभियान’ के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गुजरात में नशे की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है, लेकिन सरकार आंखें मूंदकर बैठी है।
अमित चावड़ा ने राज्य की शराबबंदी नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि शराबबंदी केवल कागजों तक सीमित है। जमीनी हकीकत यह है कि आज गांव-गांव में शराब खुलेआम बिक रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गुजरात के कई गांवों में लोगों को पीने का शुद्ध पानी नहीं मिल पाता, लेकिन शराब आसानी से उपलब्ध हो जाती है। यह सरकार की प्राथमिकताओं पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने चिंता जताते हुए कहा कि शराब से भी आगे बढ़कर अब चरस, गांजा और ड्रग्स जैसे नशीले पदार्थों ने गुजरात की युवा पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल दिया है।
उन्होंने संसद में पेश किए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 6 वर्षों में गुजरात से करीब 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपये मूल्य का ड्रग्स पकड़ा गया है, जो बेहद चौंकाने वाला है।
अमित चावड़ा ने आरोप लगाया कि आज गुजरात ड्रग्स का ‘लैंडिंग हब’, ‘मैन्युफैक्चरिंग हब’ और ‘ट्रेडिंग हब’ बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति सरकार की नाकामी को दर्शाती है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर हफ्ताखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी नीति के चलते आज गुजरात का हर परिवार अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित है।
कांग्रेस ने इस अभियान के माध्यम से सरकार से नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की है।