उधमपुर, जम्मू-कश्मीर: बुधवार को उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादी मारे गए। मुठभेड़ मंगलवार से जारी थी और दोनों आतंकवादी गुफा में छिपे हुए थे।
सेना की व्हाइट नाइट कोर, CIF डेल्टा, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद बसंतगढ़ इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
मुठभेड़ का विवरण
PTI के अनुसार, रामनगर के जाफर जंगल इलाके में छिपे आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की। करीब एक घंटे तक चली मुठभेड़ में एक आतंकवादी को गोली लगी, लेकिन वह अपने साथी के साथ गुफा के अंदर चला गया। गुफा में दो अलग रास्ते हैं, जिससे आतंकवादियों ने भागने की कोशिश की।
मंगलवार शाम लगभग 7:30 बजे आतंकवादियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर गुफा से बाहर निकलने का प्रयास किया। इस दौरान फिर से फायरिंग हुई और तेज धमाकों की आवाज़ें सुनाई दी। सुरक्षा बलों ने अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजकर घेराबंदी और सख्त कर दी।
सुरक्षा बलों की कार्रवाई
सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों पर UBGLs (अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) का इस्तेमाल किया। इसके बाद ड्रोन का इस्तेमाल कर यह सुनिश्चित किया गया कि आतंकवादी जिंदा हैं या नहीं। व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया पर बताया कि यह एक जॉइंट ऑपरेशन था, जिसमें इलाके की पूरी घेराबंदी की गई थी।
इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों की तत्परता और सामूहिक कार्रवाई के कारण दोनों आतंकवादी ढेर कर दिए गए और क्षेत्र सुरक्षित बनाया गया।