Gujarat के Banaskantha district में SOG पुलिस ने संदिग्ध घी के बड़े कारोबार का पर्दाफाश करते हुए लाखों रुपये का माल जब्त किया है। कार्रवाई गढ़ गांव की सीमा में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के मुताबिक, SOG टीम ने एक पिकअप डाला वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से भारी मात्रा में संदिग्ध घी बरामद हुआ। पुलिस ने ‘रिवाज प्रीमियम काउ घी’, ‘श्री कृष्ण कुंज प्योर प्रीमियम घी’ और ‘रिवाज प्रीमियम घी’ ब्रांड के कुल 176 डिब्बे जब्त किए हैं।
बताया जा रहा है कि हर डिब्बा करीब 15 किलो का है और जब्त माल की कुल कीमत 16 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब घी के डिब्बों पर जून 2026 की मैन्युफैक्चरिंग डेट अंकित मिली, जबकि वर्तमान में अभी मई 2026 चल रहा है। इस खुलासे के बाद मिलावटखोरी, फर्जी पैकेजिंग और उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल SOG Police ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध घी कहां तैयार किया गया था और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।