खेड़ा (गुजरात): जिले के कथलाल क्षेत्र में मवेशी चोरी के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। कथलाल पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए फॉर्च्यूनर गाड़ी में भैंसें चोरी करने वाले एक संगठित गैंग को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को सरखेज डाभी के मुवाड़ी गांव से तस्करों ने एक काली रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी में करीब ₹60,000 कीमत की भैंसें चोरी कर ली थीं। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने 30 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद अहमदाबाद के तीन आदतन अपराधियों—गुलाम साबिर कुरैशी, आशिफ उर्फ माइकल कुरैशी और सलीम उर्फ कालिया शेख—को खलाल चेक पोस्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फॉर्च्यूनर गाड़ी, मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल ₹4,56,500 का माल जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी मवेशी चोरी के कई मामलों में शामिल रह चुके हैं।
कथलाल पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मवेशी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस गैंग से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट: इमरान वोहरा, खेड़ा (गुजरात)