सूरत: सूरत के उधना क्षेत्र में जलते कचरे के ढेर से भ्रूण मिलने के संवेदनशील मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती महाराष्ट्र की रहने वाली है और प्रेम संबंध के दौरान गर्भवती हुई थी।

फिलहाल पुलिस ने युवती के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।https://youtu.be/TeGRqrNUwPU

पुलिस के अनुसार युवती ने गर्भपात की गोलियां लेने के बाद भ्रूण को उधना के नानी क्षेत्र में जलते कचरे में फेंक दिया था। कुछ स्थानीय लोगों की नजर जब कचरे में पड़े भ्रूण पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने युवती की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान युवती ने गर्भपात के बाद भ्रूण को फेंकने की बात स्वीकार की है, ऐसा पुलिस सूत्रों का कहना है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे मामले में युवती के प्रेमी या किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका थी या नहीं। साथ ही गर्भपात किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी अन्य की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी गहन जांच की जा रही है।